समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को रामपुर जेल में बंद आजम खान से मुलाकात की. जेल प्रशासन ने मुलाकात के लिए 45 मिनट का समय निर्धारित किया था, लेकिन दोनों के बीच बातचीत 1 घंटे 9 मिनट तक चली. मुलाकात दोपहर 1:42 बजे शुरू हुई और 2:51 बजे समाप्त हुई.
जेल से बाहर आने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि रामपुर, जिसके नाम में ‘राम’ है, वहां रामराज्य की भावना को कुचला जा रहा है. उन्होंने आजम खान के समर्थन में कहा, “आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे.” अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि फर्जी मुकदमों का इस्तेमाल भ्रष्ट अधिकारी हथियार के तौर पर कर रहे हैं. ये आरोप अखिलेश यादव ने लगाए हैं.
11 महीने बाद मुलाकात के सवाल पर नाराजगी
पत्रकारों ने अखिलेश से पूछा कि वह आजम खान से मिलने 11 महीने बाद क्यों पहुंचे. इस पर वह नाराज हो गए. उन्होंने कहा, “मेरी जानकारी में नहीं है कि किस चैनल का दाना लेकर आए हैं. लेकिन थोड़ी इज्जत दे दी तो सिर पर चढ़ गए.”
अखिलेश यादव दोपहर करीब डेढ़ बजे जौहर यूनिवर्सिटी के हेलीपैड पर पहुंचे और वहां से कार से जेल गए. उनके साथ आजम खान के बड़े बेटे अदीब भी थे, हालांकि अदीब जेल के अंदर नहीं गए. मुलाकात के बाद अखिलेश आजम खान के घर पहुंचे, जहां उन्होंने तंजीन फातिमा, अदीब और परिवार के अन्य सदस्यों से करीब एक घंटे तक बातचीत की.
आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल में बंद हैं. एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने दोनों को सात-सात साल की सजा सुनाई है. आजम खान ने फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की है.
