इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से सितंबर 2024 से लापता सुदामा देवी को तलाशने की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है. अदालत ने CBI की गाजियाबाद इकाई को महिला का पता लगाकर उन्हें 1 दिसंबर 2026 को अदालत के सामने पेश करने का निर्देश दिया है.
अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, सुदामा देवी 8 सितंबर 2024 से लापता हैं. उनके लापता होने की रिपोर्ट 9 सितंबर 2024 को महाराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाने में दर्ज कराई गई थी. दो साल से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस उन्हें तलाश नहीं सकी.
मामले की सुनवाई कर रहे न्यायमूर्ति संदीप जैन ने 29 सितंबर 2026 के आदेश में जांच CBI को सौंपने का निर्देश दिया. राज्य पुलिस को अब तक जुटाए गए रिकॉर्ड, साक्ष्य और अन्य सामग्री CBI को उपलब्ध कराने को कहा गया है.
अदालत के समक्ष यह भी बताया गया कि सुदामा देवी 42 वर्षीय महिला हैं और उनके पास मोबाइल फोन नहीं था. यदि अगली सुनवाई तक उनका पता नहीं चलता है, तो CBI के जांच अधिकारी को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल कर अब तक की गई कार्रवाई और तलाश के प्रयासों का विवरण देना होगा.
