इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 2015 की एक एफआईआर में करीब 10 साल तक चार्जशीट दाखिल न किए जाने पर उत्तर प्रदेश सरकार पर ₹25,000 का खर्च लगाया है. मामला प्रतापगढ़ पुलिस से जुड़ा है. अदालत ने कहा कि किसी याचिकाकर्ता को पुलिस की प्रशासनिक सुस्ती और उदासीनता के कारण अनिश्चितकाल तक न्याय का इंतजार नहीं कराया जा सकता.

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि चार्जशीट पहले अप्रैल 2015 में भेजी गई थी, लेकिन आपत्तियों के बाद आगे की कार्रवाई नहीं हुई. इसे दोबारा जून 2023 में भेजा गया, जिसके बाद केस डायरी और संबंधित कागजात कथित तौर पर गुम हो गए.

अदालत के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की. गुम दस्तावेज मिलने पर चार्जशीट 6 अक्टूबर 2026 को संबंधित अदालत में दाखिल की गई और 14 अक्टूबर को संज्ञान लिया गया. देरी के संबंध में एक हेड कांस्टेबल को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया.

हाईकोर्ट ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जांच और आपराधिक मामलों की नियमित निगरानी करनी चाहिए. सरकार को चार सप्ताह में याचिकाकर्ता को राशि देने का निर्देश देते हुए अदालत ने जिम्मेदार अधिकारियों से इसकी वसूली की संभावना भी खुली रखी है.