इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान के खिलाफ अवमानना आरोप तय किया है. मामला सरकारी कर्मचारियों के वेतन, बकाया और पेंशन लाभ से जुड़े चार साल पुराने अदालती आदेश का पालन न होने से संबंधित है.

न्यायमूर्ति सौरभ लवानिया की एकल पीठ ने चौहान समेत पांच अधिकारियों को अवमानना आरोपों पर जवाब दाखिल करने के लिए 15 दिन का समय दिया है. अदालत ने सभी अधिकारियों को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश भी दिया. मामले की अगली सुनवाई 4 नवंबर को होगी.

37 अवमानना याचिकाओं से जुड़ा मामला

यह कार्यवाही सुरेश चंद्र वर्मा मामले में दिए गए फैसले को लागू कराने के लिए दायर 37 अवमानना याचिकाओं के बाद शुरू हुई. पुराने फैसले में अधिकारियों को याचिकाकर्ताओं के वेतन में संशोधन करने, बकाया राशि चुकाने और संशोधित पेंशन लाभ जारी करने का निर्देश दिया गया था.

अदालत ने यह भी कहा था कि यदि चार महीने के भीतर लाभ नहीं दिए गए, तो 7 प्रतिशत साधारण ब्याज का भुगतान करना होगा. याचिकाकर्ताओं का कहना है कि आदेश के करीब चार साल बाद भी इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया.

अदालत ने अपने आदेश में कहा कि 19 जुलाई 2022 के निर्देश अब तक लागू नहीं हुए हैं. पीठ ने प्रथमदृष्टया टिप्पणी की कि अधिकारी रिट अदालत के निर्देशों का पालन करने के इच्छुक नहीं दिखे.

सुप्रीम कोर्ट से भी बरकरार रहा था आदेश

पीठ ने यह भी दर्ज किया कि जुलाई 2022 के आदेश को विशेष अपील में बरकरार रखा गया था और सुप्रीम कोर्ट ने 13 जनवरी 2026 को उसे मंजूरी दी थी. राज्य सरकार की ओर से दायर पुनर्विचार याचिकाएं भी खारिज हो चुकी हैं.

5 अक्टूबर को अदालत ने वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार तथा प्रमुख सचिव अनुरा‍ग श्रीवास्तव, अनिल गर्ग और सौरभ बाबू के खिलाफ भी अवमानना आरोप तय किए थे. सभी पांच अधिकारियों को अगली सुनवाई में अदालत के समक्ष जवाब देना होगा.