इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आगरा के हरि पर्वत थाने में दर्ज एक एफआईआर रद्द करते हुए कहा है कि हर तनावपूर्ण या असफल विवाह को नियमित रूप से आपराधिक मुकदमे में नहीं बदला जा सकता. अदालत ने चेताया कि ऐसा करने से विवाह संस्था पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.
न्यायमूर्ति चंद्र धारी सिंह और न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना की खंडपीठ ने गौरव जैन और उनके परिवार की याचिका स्वीकार की. एफआईआर में दहेज मांगने, उत्पीड़न, मारपीट, खाना न देने, धमकी, स्त्रीधन रोकने और गला दबाने की कोशिश के आरोप लगाए गए थे. मामला भारतीय न्याय संहिता और दहेज निषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज हुआ था.
मामले की समय-रेखा
अदालत के समक्ष रखे गए तथ्यों के अनुसार, विवाह 12 नवंबर 2024 को हुआ था और पत्नी 3 फरवरी 2025 को करीब ढाई महीने साथ रहने के बाद ससुराल से चली गईं. पति ने 3 मई 2025 को तलाक की याचिका दाखिल की, जबकि एफआईआर 30 जून 2025 को दर्ज हुई.
खंडपीठ ने कहा कि साथ रहने की अवधि के दौरान कथित घटनाओं को लेकर घरेलू हिंसा की शिकायत, पीसीआर कॉल या तत्काल पुलिस हस्तक्षेप का कोई रिकॉर्ड पेश नहीं किया गया. अदालत ने स्पष्ट किया कि दहेज हिंसा और क्रूरता से महिलाओं की रक्षा कानून व संविधान की अनिवार्यता है, लेकिन वैवाहिक कलह को अपने-आप आपराधिकता नहीं माना जा सकता.
8 अक्टूबर के फैसले में हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि उसने लंबित वैवाहिक कार्यवाही के गुण-दोष पर कोई निर्णय नहीं दिया है. दोनों पक्ष सक्षम वैवाहिक अदालत के समक्ष उपलब्ध कानूनी उपाय अपना सकते हैं.
