उत्तर प्रदेश शासन ने वरिष्ठ IPS अधिकारी आलोक सिंह के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति यानी VRS आवेदन को मंजूरी दे दी है. राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुसार, उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से सेवानिवृत्ति दी गई है.
आलोक सिंह 1995 बैच के IPS अधिकारी हैं और VRS मंजूर होने से पहले उत्तर प्रदेश प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के महानिदेशक के पद पर तैनात थे. उनके पास उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी था.
उन्होंने 26 नवंबर 2026 को अखिल भारतीय सेवा (डेथ-कम-रिटायरमेंट-बेनिफिट्स) नियम, 1958 के नियम 16(2) के तहत अधिवर्षता आयु पूरी होने से पहले स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन दिया था. पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की संस्तुति के बाद शासन ने आवेदन स्वीकार किया.
इससे पहले 26 नवंबर को राज्यपाल की मंजूरी के बाद आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), प्रयागराज का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से 23 जनवरी 2029 तक रहेगा. वह संजय श्रीनेत के स्थान पर यह जिम्मेदारी संभालेंगे, जिनका कार्यकाल 21 नवंबर 2026 को समाप्त हुआ था.
