उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शुक्रवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई. हादसा बनी रेलवे स्टेशन के पास गौरीगंज-रायबरेली हाईवे क्षेत्र में हुआ. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवकों की जान चली गई. मृतकों की पहचान रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र निवासी रोहित रावत (18) और अंकित रावत (22) के रूप में हुई है. तीसरे मृतक की पहचान अमेठी के गौरीगंज कस्बे के बिशुनदासपुर इलाके के निवासी शुभम कुमार पासी (22) के रूप में की गई है.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की. गौरीगंज थाना प्रभारी रवि सिंह के अनुसार, पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं.

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. तीन युवकों की मौत के बाद उनके परिवारों में मातम पसरा है.