अमेठी जिले में ‘एक परिवार, एक पहचान’ योजना के तहत फैमिली आईडी बनाने की प्रक्रिया तेज की जाएगी. जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों की पहचान और उनकी फैमिली आईडी प्राथमिकता के आधार पर बनाने के निर्देश दिए.
बैठक में पहले से जारी सिंगल फैमिली आईडी को पूर्ण करने पर भी जोर दिया गया. अधिकारियों से कहा गया कि ऐसी आईडी में परिवार के बाकी सदस्यों का विवरण जोड़कर रिकॉर्ड अपडेट किया जाए.
फैमिली आईडी में परिवार के प्रत्येक सदस्य की जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं. इसमें पांच वर्ष तक के बच्चों, वयस्कों और नौकरीपेशा सदस्यों का विवरण भी शामिल किया जाना है. अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी पात्र सदस्य की जानकारी छूटे नहीं.
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर निर्माण और संशोधन का काम निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा. उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार, फैमिली आईडी का उद्देश्य पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने में मदद करना है.
