केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ‘अंगद का पैर’ है और उसे कोई हिला नहीं सकता.
शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे कमर कस लें और अर्जुन की तरह लक्ष्य पर नजर रखें. उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी का मालिक बताते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया. बैठक में 2,500 से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई.
शाह ने कार्यकर्ताओं से आपसी नाराजगी और मनमुटाव को खत्म करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी लोग अपनी नाराजगी गोमती नदी में छोड़कर जाएं, क्योंकि चुनाव के दौरान बार-बार मुलाकात होगी और संगठनात्मक कामकाज का हिसाब लिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाती है तो राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी. शाह ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके बयानों का जवाब 2027 में भाजपा की सरकार बनाकर दिया जाना चाहिए.
करीब नौ महीने बाद लखनऊ पहुंचे शाह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने स्वागत किया. बैठक में योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े मौजूद रहे. समापन सत्र को शाम पांच बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करने वाले थे.
