उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं से रिश्तों, शादी और पारिवारिक जिम्मेदारियों को गंभीरता से लेने की अपील की है. लखनऊ में महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के सातवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी को गर्लफ्रेंड बनाना गलत नहीं है, लेकिन शादी का वादा किया है तो उसे निभाना भी जरूरी है.
राज्यपाल ने कहा कि रिश्तों को केवल समय बिताने तक सीमित नहीं रखना चाहिए. किसी के साथ भविष्य और शादी का वादा करने से पहले यह समझना जरूरी है कि संबंधित व्यक्ति उन जिम्मेदारियों को निभाने के लिए तैयार है या नहीं. उन्होंने युवाओं को भावनाओं के साथ-साथ जीवन की वास्तविक परिस्थितियों पर भी विचार करने की सलाह दी.
कम उम्र में मां बनने के बाद छोड़ने पर चिंता
आनंदीबेन पटेल ने 13-14 साल की उम्र में लड़कियों के मां बनने और बाद में उन्हें अकेला छोड़ दिए जाने की घटनाओं पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि किसी लड़की को इतनी कम उम्र में मां बनाकर अकेला छोड़ देना गलत है. राज्यपाल ने इस तरह की घटनाओं को रोकने में सरकार के साथ समाज की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया.
उन्होंने कहा कि सरकारों ने ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं, लेकिन केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं. समाज को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, क्योंकि कम उम्र में मां बनने के बाद किसी लड़की को अकेला छोड़ दिए जाने का असर उसके जीवन और भविष्य पर पड़ता है.
शादी से पहले आत्मनिर्भर बनने की सलाह
राज्यपाल ने युवाओं से शादी से पहले अपने पैरों पर खड़े होने और आत्मनिर्भर बनने को कहा. उनके मुताबिक, पढ़ाई और करियर पर ध्यान देने से युवा भविष्य में परिवार की जिम्मेदारियां बेहतर ढंग से निभा सकेंगे. उन्होंने शादी को केवल दो लोगों के साथ आने का फैसला न मानकर परिवार और भविष्य से जुड़ी जिम्मेदारियों वाला निर्णय बताया.
समारोह में राज्यपाल ने गुजरात में मंत्री और मुख्यमंत्री रहते हुए शुरू की गई एक पहल का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि लोगों से मिलने-जुलने के दौरान होने वाले खर्च को समाजहित में इस्तेमाल करने के विचार के बाद आंगनवाड़ी केंद्रों में गरीब परिवारों के बच्चों के लिए चने और गुड़ की व्यवस्था की गई थी. उनके अनुसार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चनों को उबालकर उनमें तड़का लगाती थीं और बच्चों को खिलाती थीं. समारोह में उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी मौजूद थे.
