अयोध्या में दीपोत्सव 2026 को अधिक आकर्षक बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं. आयोजन में नए पर्यटन आकर्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बेहतर ठहरने की सुविधाएं जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है. सरकार का लक्ष्य पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ स्थानीय कारोबार और रोजगार को भी गति देना है.

मंगलवार को लखनऊ स्थित पर्यटन भवन में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और अन्य अधिकारी शामिल हुए. पर्यटन से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों पर डेलॉयट की रिपोर्ट के आधार पर चर्चा की गई.

अधिकारियों के अनुसार, मार्च से जून 2026 के दौरान अयोध्या में पर्यटकों की आवाजाही पिछले चार वर्षों की समान अवधि के मुकाबले करीब 535 प्रतिशत बढ़ी. इसी बढ़ोतरी को देखते हुए दीपोत्सव के दौरान नए कार्यक्रम और आकर्षण शामिल करने की योजना बनाई जा रही है. बैठक में भजन संध्या स्थलों पर रामलीला आयोजित करने और लाइव एक्रोबैटिक प्रस्तुतियों जैसे कार्यक्रमों के सुझाव भी दिए गए.

होटल और पर्यटन निवेश पर जोर

दीपोत्सव के दौरान नए तैयार होटलों को शुरू करने पर भी जोर दिया गया, ताकि अयोध्या आने वाले पर्यटकों के लिए ठहरने की क्षमता बढ़ाई जा सके. बैठक में बताया गया कि होटल बिल्डिंग प्लान की मंजूरियां 2023-24 में 205 से बढ़कर 2025-26 में 421 हो गईं.

वर्ष 2023 से 7 सितंबर 2026 तक होटल, रिसॉर्ट और अन्य पर्यटन कारोबारों से जुड़े करीब 44,240 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं. 2025-26 में रेस्टोरेंट और कैफे भी पर्यटन से जुड़े प्रमुख कारोबारी क्षेत्रों में रहे.

बैठक में आगरा और लखनऊ में विदेशी पर्यटकों की स्थिति, सड़क और हाईवे कनेक्टिविटी के प्रभाव तथा बाबा नीब करौरी सर्किट और कालिंजर किले को पर्यटन मानचित्र पर मजबूत करने पर भी चर्चा हुई.