उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 28 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार की रेलवे ट्रैक पर मौत हो गई. पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला बताया है. अधिकारियों के अनुसार, मामले में एक युवती की ओर से कथित ब्लैकमेल और शादी का दबाव बनाए जाने की जानकारी सामने आई है.
पुलिस अधीक्षक ईरज राजा के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी. यह सूचना रेलवे लोको पायलट की रिपोर्ट के आधार पर मिली. मौके पर पहुंची पुलिस को पास में एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली. बाद में मृतक की पहचान सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार के रूप में हुई.
संदीप कुमार पिछले 11 महीनों से बलिया के चितबड़ागांव थाने में तैनात थे और मूल रूप से संत कबीर नगर के रहने वाले थे. पुलिस के अनुसार, उनका एक युवती के साथ संबंध था. आरोप है कि युवती उन पर शादी के लिए दबाव डाल रही थी और ब्लैकमेल भी कर रही थी.
पुलिस ने बताया कि युवती ने करीब दो वर्ष पहले सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में तैनात एक अन्य पुलिसकर्मी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था. परिवार को सूचना दे दी गई है. शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
