उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के नरैनी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि दो युवक बहन को बुलाने के बहाने लड़की को बाइक पर बैठाकर ले गए और बाद में एक सुनसान स्थान पर उसके साथ दुष्कर्म किया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
परिजनों के मुताबिक, नाबालिग 24 सितंबर को गणेश पूजा के लिए गई थी. इसी दौरान दोनों युवक उसे उसकी बहन को बुलाने की बात कहकर अपने साथ ले गए. परिवार का कहना है कि दोनों आरोपी गांव में रिश्तेदारी के कारण पहले से परिचित थे और मध्य प्रदेश से जुड़े हुए हैं.
आरोप है कि दोनों युवक नाबालिग को एक स्कूल में ले गए, जहां उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई. कथित तौर पर आरोपी नाबालिग को वहीं छोड़कर फरार हो गए.
घर लौटने के बाद नाबालिग ने परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा
डिप्टी एसपी प्रवीण कुमार के अनुसार, पुलिस को नाबालिग के साथ दो युवकों द्वारा दुष्कर्म की सूचना मिली थी. इसके बाद कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने नाबालिग का बयान दर्ज किया है और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई है.
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग का अदालत में बयान कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है.
