उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में 6 और 4 साल के दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों बच्चे 30 सितंबर को खेलते समय लापता हुए थे. उसी रात उनके शव पड़ोसी के घर के पास नींव भरने के लिए खोदे गए गड्ढे में मिले थे.
मृतकों की पहचान भइया राम के बेटों मनोज (6) और युवराज (4) के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सिर में चोट और हेड इंजरी बताई गई है. रिपोर्ट में मुंह से खून आने का भी उल्लेख है.
नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया. परिवार ने आरोप लगाया है कि पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश के चलते दोनों बच्चों को निशाना बनाया गया. परिजनों के अनुसार, कुछ महीने पहले पेड़ काटने को लेकर पड़ोसी पक्ष से विवाद हुआ था. परिवार ने इस दौरान मारपीट और धमकी दिए जाने की शिकायत भी की थी. इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है.
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के अनुसार, विवेचना के दौरान मिले शुरुआती साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर 3 अक्टूबर को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है.
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
