उत्तर प्रदेश के बांदा जिला अस्पताल में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक युवक सांप के काटने के बाद हाथ में जिंदा सांप लेकर इलाज कराने पहुंच गया. युवक को इस हालत में देखकर अस्पताल में मौजूद लोग हैरान रह गए और वहां भीड़ जुट गई.

यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के क्योटरा का बताया गया है. अस्पताल पहुंचने पर युवक ने डॉक्टरों को बताया कि उसे सांप ने काटा है. उसके हाथ में जिंदा सांप होने के कारण मेडिकल स्टाफ ने पहले उससे सांप को अस्पताल परिसर से बाहर छोड़ने के लिए कहा. स्टाफ को आशंका थी कि सांप खुले में रहने पर मरीजों और अन्य लोगों के लिए खतरा पैदा कर सकता है.

हालांकि, युवक सांप को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुआ. मेडिकल स्टाफ ने उसे काफी देर तक समझाया, जिसके बाद उसने सांप को एक डिब्बे में बंद कर दिया. इसके बाद डॉक्टरों ने युवक का इलाज शुरू किया. बताया गया कि युवक ने डिब्बे को भी अपने पास ही रखा हुआ था.

डॉक्टरों की निगरानी में भर्ती

जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. पीके गुप्ता के अनुसार, युवक अस्पताल में हाथ में जिंदा सांप लेकर आया था. डॉक्टर ने बताया कि युवक नशे में था. उसे अस्पताल में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है.

डॉ. गुप्ता के मुताबिक, युवक को समझाया गया था कि सांप को अस्पताल से बाहर छोड़ना जरूरी है, क्योंकि खुले सांप से वहां मौजूद दूसरे लोगों को खतरा हो सकता है. बाद में सांप को डिब्बे में बंद कराया गया. घटना के बाद अस्पताल में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा.