उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह सड़क हादसे में एम्बुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई. हादसा सुबेहा थाना क्षेत्र के घेरावन गांव के पास 53.3 किलोमीटर पॉइंट पर हुआ.

पुलिस के मुताबिक, एम्बुलेंस राजस्थान के जयपुर से एक शव लेकर गाजीपुर जा रही थी. सुबह करीब 6:30 बजे वह सड़क पर खड़े पिकअप वाहन में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस में सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

मृतकों में एम्बुलेंस के दो चालक और तीन अन्य लोग शामिल बताए गए हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और धुंध को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और पिकअप वाहन सड़क पर क्यों खड़ा था, इसकी भी जांच की जा रही है.