बस्ती जिले के आलू किसानों को निजी कोल्ड स्टोरेज में फसल रखने पर सरकार से आर्थिक सहायता मिलेगी. भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना के तहत आलू के भंडारण शुल्क पर 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान देने का प्रावधान किया गया है.
एक किसान को अधिकतम 20 हजार रुपये तक का लाभ मिल सकेगा. योजना में अधिकतम दो हेक्टेयर भूमि पर उत्पादित आलू को पात्रता के दायरे में रखा गया है. इस सीमा के आधार पर 200 क्विंटल तक के आलू पर अनुदान की गणना की जा सकती है.
जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार तिवारी के अनुसार, योजना का उद्देश्य किसानों पर कोल्ड स्टोरेज शुल्क का बोझ कम करना है. इसके साथ ही बाजार में आलू के भाव अचानक गिरने पर किसानों को नुकसान से राहत देने के लिए भामाशाह भाव स्थिरता कोष को भी जिले में प्रभावी किया गया है.
अनुदान पाने के लिए किसानों को उद्यान विभाग के निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा. सहायता राशि पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद दिए जाने का प्रावधान है.
