उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान पटाखों से भरा थैला फट गया. हादसे में एक महिला समेत सात लोग झुलस गए. गंभीर रूप से घायल एक युवक को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है.

पुलिस के अनुसार, जुलूस चौरी के मुख्य बाजार से गुजर रहा था. इसी दौरान जुलूस में शामिल युवक शुभम के हाथ में मौजूद पटाखों से भरे थैले में आतिशबाजी के दौरान कहीं से चिंगारी जा गिरी. इसके बाद थैले में रखे पटाखे एक साथ फट गए. धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और धुआं फैल गया.

डिप्टी एसपी राजीव सिंह के मुताबिक, छह घायलों का इलाज भदोही शहर के जीवन धारा और जीवनदीप अस्पतालों में चल रहा है. इनमें एक महिला भी शामिल है और उनकी हालत सामान्य बताई गई है. पटाखों का थैला लेकर चल रहा युवक शुभम गंभीर रूप से झुलस गया, इसलिए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया.

पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. कुछ लोगों को बारूद और चिंगारी से मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजे जाने की जानकारी दी गई है.