उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शराब की दुकानों में चोरी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी Google Maps की मदद से दुकानों की लोकेशन तलाशते थे और रात में सुनसान जगहों पर स्थित दुकानों के शटर काटकर चोरी करते थे. गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में कथित गिरोह सरगना आश मोहम्मद उर्फ आशु के पैर में गोली लगी.

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान आश मोहम्मद उर्फ आशु, कार्तिक शर्मा और अतुल त्यागी के रूप में की है. तीनों गाजियाबाद के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस के अनुसार, उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के आगरा, गाजियाबाद, मेरठ और बुलंदशहर सहित कई जिलों तथा मध्य प्रदेश में चोरी और अन्य अपराधों के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं.

बिजनौर में लगातार हुई थीं चोरी की वारदातें

पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर को नजीबाबाद थाना क्षेत्र के गुनियापुर गांव में शराब की दुकान का शटर काटकर चोरी की गई थी. इसके अगले दिन हल्दौर थाना क्षेत्र के बालकिशनपुर चौराहे पर दो दुकानों को निशाना बनाया गया. दोनों घटनाओं की जांच में CCTV फुटेज सामने आए. पुलिस को यह भी पता चला कि वारदात में इस्तेमाल कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी.

एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी फिर किसी वारदात की तैयारी में घूम रहे हैं. कुंडा गांव की नहर की ओर से आ रही सफेद Swift कार को रोकने की कोशिश पर उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर गोली चलाने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में आश मोहम्मद घायल हुआ और तीनों को पकड़ लिया गया.

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, पेचकस, शटर काटने वाला बोल्ट कटर, अन्य औजार, 30 हजार रुपये और Swift कार बरामद की है. पुलिस का कहना है कि गिरोह का नेटवर्क बिजनौर के अलावा मेरठ, आगरा, बुलंदशहर, गाजियाबाद और मध्य प्रदेश के शिवपुरी तक फैला हो सकता है. घायल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है और पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है.