उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक मादा गुलदार रातभर खेत में लगे लोहे के तार में फंसी रही. सुबह खेतों की ओर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे देखा तो गांव में अफरा-तफरी मच गई. गुलदार का एक पैर तार में उलझा था और वह खुद को छुड़ाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही थी.
मामला नजीबाबाद क्षेत्र के अकबरपुर चोंगावा गांव का है. खेत में पेड़ की जड़ के पास लगाए गए तार में रात के दौरान गुलदार का पैर फंस गया था. उसकी दहाड़ सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे. खबर फैलने के बाद आसपास के गांवों और कस्बे से भी लोग वहां पहुंच गए.
स्थिति को देखते हुए गंग नहर चौकी की पुलिस ने लोगों को गुलदार से दूर रहने की हिदायत दी. कुछ लोग वीडियो बनाने के लिए उसके करीब जाने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस ने समझाया कि घायल और तनाव में मौजूद वन्यजीव के पास जाना जानलेवा हो सकता है.
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम पिंजरे और रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची. टीम ने सावधानी से गुलदार को तार से निकालने का अभियान शुरू किया. कई घंटे की कोशिश के बाद उसे तार से मुक्त कर पिंजरे में सुरक्षित बंद कर लिया गया.
वन रेंजर हरगोविंद के मुताबिक, गुलदार मादा है और उसकी उम्र करीब पांच वर्ष है. तार में फंसने के कारण उसका एक पैर घायल हुआ है. रेस्क्यू के बाद उसे उपचार के लिए भेजा गया. गुलदार के सुरक्षित निकाले जाने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
