उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के बढ़ापुर क्षेत्र में कथित तौर पर जहरीली जंगली फली खाने से दो बच्चियों की मौत हो गई. तीसरी बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना मोहल्ला ठाकुरान के पास गुलाह नदी के किनारे की है.

पुलिस के अनुसार, तीनों बच्चियां बुधवार को नदी किनारे खेलने गई थीं. वहां उन्होंने कसौंदी नाम के जंगली पौधे पर लगी फलियां तोड़कर खा लीं. कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें स्थानीय निजी चिकित्सक के पास ले गए.

बढ़ापुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के मुताबिक, उपचार के दौरान छह वर्षीय चाहत की गुरुवार देर शाम मौत हो गई. इसके बाद चार वर्षीय माहेनूर ने भी शुक्रवार को दम तोड़ दिया. तीसरी बच्ची साधिका की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अपर पुलिस अधीक्षक गौतम राय ने बताया कि प्रथमदृष्टया दोनों मौतें जहरीली फलियां खाने से हुई हैं. घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, परिजनों ने दोनों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. इसलिए मौत के चिकित्सकीय कारण की स्वतंत्र पुष्टि सीमित है.