उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बढ़ापुर थाने के आधिकारिक पुलिस WhatsApp ग्रुप में अश्लील वीडियो साझा किए जाने के मामले में थाना प्रभारी (SHO) को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने विभागीय जांच के बाद बुधवार को यह कार्रवाई की.

जानकारी के अनुसार, वीडियो करीब पांच दिन पहले आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में साझा किया गया था. बाद में इसे ग्रुप से हटा दिया गया, लेकिन कुछ पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर वीडियो डाउनलोड कर लिया था. इसके स्क्रीनशॉट भी सुरक्षित किए गए थे.

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने जांच के लिए एक टीम गठित की. टीम ने बढ़ापुर थाने पहुंचकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई.

जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

रिपोर्ट के आधार पर बढ़ापुर थाने के SHO पद पर तैनात इंस्पेक्टर को तत्काल निलंबित कर दिया गया. पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच पूरी होने के बाद यह कदम उठाया गया.

अधिकारियों के मुताबिक, उपलब्ध जानकारी में वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों या उसमें सुनाई देने वाली आवाज वाले व्यक्ति की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.