उत्तर प्रदेश में बीजेपी मंगलवार से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ नाम से राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है. पार्टी के मुताबिक, अभियान के तहत प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में पदयात्राएं निकाली जाएंगी. इन कार्यक्रमों के जरिए बीजेपी विपक्ष पर राजनीतिक हमला बोलने के साथ कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता बढ़ाने की कोशिश करेगी.

राजधानी लखनऊ में मुख्य पदयात्रा सुबह 11 बजे लोकभवन से शुरू होकर परिवर्तन चौक तक जाएगी. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे. उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय के भी इसमें शामिल होने की जानकारी दी गई है.

अवध क्षेत्र के विधायक, जिलाध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी लखनऊ की पदयात्रा में हिस्सा लेंगे. पार्टी ने इसमें क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी की बात कही है.

छह क्षेत्रों में कार्यक्रम

बीजेपी के अनुसार, ब्रज क्षेत्र की पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 5 नवंबर को गाजियाबाद में होने वाली पदयात्रा में शामिल होने की जानकारी भी दी गई है.

पार्टी इस अभियान के जरिए जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और अपनी राजनीतिक पहुंच मजबूत करने का प्रयास कर रही है.