कांग्रेस ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की है. समिति की अगुवाई पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी.

समिति में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश के प्रभारी एआईसीसी महासचिव राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा-मोना और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हैं.

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ 17 नवंबर को नई दिल्ली में बैठक होने की संभावना है. सपा की ओर से अध्यक्ष अखिलेश यादव के अलावा सांसद धर्मेंद्र यादव, हरेंद्र मलिक और राजीव राय बातचीत में शामिल हो सकते हैं.

समिति के गठन का फैसला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया. बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल हुए.

पार्टी ने दिसंबर के पहले सप्ताह से उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान शुरू करने का भी फैसला किया है. 403 विधानसभा सीटों वाले राज्य में कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी अंतिम सहमति नहीं बनी है.