वाराणसी में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन परियोजना के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है. प्रस्तावित मार्ग दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी होते हुए पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक जाएगा.
रेल मंत्री के मुताबिक, कॉरिडोर तैयार होने के बाद दिल्ली से आगरा की दूरी 59 मिनट में तय की जा सकेगी. दिल्ली से कानपुर पहुंचने में 1 घंटे 45 मिनट और लखनऊ पहुंचने में 2 घंटे 12 मिनट लगने का अनुमान है. दिल्ली से वाराणसी की यात्रा करीब 3 घंटे 33 से 35 मिनट में पूरी होने की बात कही गई है. लखनऊ से वाराणसी के बीच यात्रा समय लगभग 1 घंटा 21 मिनट बताया गया.
यह जानकारी वाराणसी और नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सेवा को हरी झंडी दिखाने से पहले दी गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन परियोजना का उल्लेख करते हुए दोनों शहरों के बीच यात्रा समय करीब साढ़े तीन घंटे रहने की बात कही.
किराया और निर्माण को लेकर दावा
वैष्णव ने कहा कि बुलेट ट्रेन का किराया किफायती रखने की योजना है और यह हवाई यात्रा के टिकटों की तुलना में काफी कम होगा. उनके अनुसार, परियोजना से युवाओं, मध्यम वर्ग और छोटे उद्योगों से जुड़े लोगों को लाभ मिल सकता है.
रेल मंत्री ने यह भी कहा कि परियोजना में इस्तेमाल होने वाले पिलर और गर्डर समेत निर्माण सामग्री का काम भारत में किया जाएगा. उन्होंने इसे मेक इन इंडिया परियोजना बताते हुए कहा कि निर्माण में भारतीय युवा और वेल्डर भी योगदान देंगे.
वाराणसी क्षेत्र में 10 MEMU सेवाओं की घोषणा
कार्यक्रम में वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के लिए 10 MEMU सेवाएं शुरू करने की घोषणा की गई. इन सेवाओं से बनारस सिटी, बनारस कैंट, बनारस स्टेशन और राजातालाब जैसे स्थानों को जोड़ने की योजना है. इससे स्थानीय यात्रियों, छोटे व्यापारियों, युवाओं और श्रद्धालुओं को सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई.
वाराणसी से प्रयागराज के बीच भी रोजाना MEMU सेवा चलाने की जानकारी दी गई. यह ट्रेन प्रयागराज रामबाग से झूसी, हंडिया खास, ज्ञानपुर रोड, माधोसिंह और राजातालाब होते हुए बनारस पहुंचेगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 157 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया गया है. कार्यक्रम में रेल बजट बढ़ने और वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की लोकप्रियता से जुड़े दावे भी किए गए.
