राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने उत्तर प्रदेश के एटा जिले से संचालित बताए जा रहे एक Instagram अकाउंट से जुड़े वीडियो में नाबालिग बच्चों के कथित शोषण की शिकायत पर Meta, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) और एटा जिला प्रशासन को नोटिस जारी किया है. आयोग ने संबंधित अधिकारियों से दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है.

यह कार्रवाई सेवा न्याय उत्थान फाउंडेशन की शिकायत पर की गई. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के बच्चों को कथित तौर पर आपत्तिजनक, अपमानजनक और राजनीतिक रूप से संवेदनशील अभिव्यक्तियों वाले वीडियो में बार-बार शामिल कराया गया. शिकायत के अनुसार, इन वीडियो को डिजिटल पहुंच और व्यूअरशिप बढ़ाने के लिए सार्वजनिक रूप से अपलोड और प्रसारित किया गया.

शिकायत में बच्चों की गरिमा, निजता, मानसिक स्वास्थ्य और माता-पिता की सूचित सहमति से जुड़े सवाल उठाए गए हैं. NHRC सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले पर यह निर्देश जारी किए हैं.

आयोग ने एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को बच्चों की पहचान कर उनकी सुरक्षा और काउंसलिंग सुनिश्चित करने को कहा है. पुलिस को वीडियो की स्क्रिप्ट तैयार करने, रिकॉर्डिंग, अपलोडिंग और प्रसार में कथित रूप से शामिल लोगों की भूमिका की जांच करने तथा संज्ञेय अपराध सामने आने पर FIR दर्ज करने का निर्देश दिया गया है. संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए भी कहा गया है.

जिलाधिकारी को बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई के माध्यम से बच्चों की देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.

Meta से पूछा गया है कि सामग्री बार-बार कैसे अपलोड और प्रसारित हुई, क्या इससे कोई मुद्रीकरण या व्यावसायिक लाभ हुआ और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए क्या कदम उठाए गए. MeitY को प्लेटफॉर्म की ड्यू डिलिजेंस, बाल सुरक्षा और शिकायत निवारण व्यवस्थाओं की जांच करने को कहा गया है.