इटावा जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में बाराबंकी में तैनात क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह की मौत हो गई. हादसा ऊसराहार थाना क्षेत्र में खरगुआ के पास हुआ, जहां उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई. दुर्घटना में उनके साथ मौजूद गनर सिपाही योगेंद्र सिंह भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है.

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद नरेंद्र सिंह को सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था. रविवार को परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हालत बिगड़ने पर उन्हें वापस सैफई लाया गया. देर रात उनकी मौत हो गई.

नरेंद्र सिंह मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर के बरौला, सेक्टर-49 के रहने वाले थे. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, करीब छह महीने पहले प्रांतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति के बाद वह इंस्पेक्टर से क्षेत्राधिकारी बने थे. हादसे के संबंध में परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.