उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हथगांव थाना क्षेत्र में शनिवार शाम घर में पटाखे बनाते समय हुए विस्फोट में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई. हादसा वार्ड नंबर 2 में करीब शाम 4 बजे हुआ. घटना स्थल जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर बताया गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नसरीन अपने पति रफी अहमद के साथ रहती थीं. बताया गया है कि घर में पटाखे तैयार किए जा रहे थे. इसी दौरान वहां रखे फ्रिज में तेज धमाका हुआ और इसके बाद पटाखों में भी आग लगने से विस्फोट हो गया. धमाके में महिला की मौके पर मौत हो गई. रिपोर्ट्स में बताया गया है कि उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हुआ और शरीर के कुछ हिस्से करीब 10 मीटर दूर जा गिरे.
विस्फोट की तीव्रता से मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा और उसकी छत गिर गई. आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. स्थानीय लोगों की सूचना पर हथगांव थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. धमाका किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी निश्चित वजह फॉरेंसिक रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी.
