उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह में दो मुस्लिम बहनों की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे अंतरधार्मिक विवाह के दावों को पुलिस ने भ्रामक बताया है. पुलिस के अनुसार, शादी के कार्ड में दूल्हों के हिंदू नाम देखकर यह दावा किया गया कि दोनों बहनों का विवाह हिंदू युवकों से हो रहा है.

रफशा और गुलफशा नाम की दोनों बहनों की शादी 12 नवंबर को तय है. कार्ड वायरल होने के बाद शादी समारोह को लेकर विवाद और परिवारों को धमकी दिए जाने की बातें सामने आईं. इस बीच मामले ने स्थानीय स्तर पर भी चर्चा पकड़ ली.

गंगोह के सर्किल ऑफिसर शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि दोनों दूल्हे मुस्लिम हैं और मेवात क्षेत्र से जुड़े हैं. उनके मुताबिक, मेवात क्षेत्र में समुदाय के लोगों के हिंदू नाम रखने की परंपरा है. उन्होंने कहा कि दूल्हे और दुल्हनें एक ही समुदाय से हैं तथा दोनों परिवारों की जाति और बिरादरी भी समान है.

मैरिज हॉल संचालक को फोन की शिकायत

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को दोनों बहनें शिकायत लेकर पहुंची थीं. उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उस मैरिज हॉल के मालिक को फोन किया, जहां शादी समारोह होना है. फोन करने वाले ने इन शादियों को अंतरधार्मिक बताते हुए सवाल उठाए थे.

इसके बाद बहनों ने पुलिस से संपर्क किया. पुलिस ने मामले की जांच और संबंधित जानकारी के आधार पर कहा कि दोनों विवाह एक ही समुदाय के परिवारों में हो रहे हैं. सीओ ने लोगों से इस मामले में भ्रामक दावों के आधार पर सनसनी न फैलाने की अपील की. पुलिस के मुताबिक, इलाके में स्थिति सामान्य है.