गाजियाबाद में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का दूसरा चरण लागू होने के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण के उपायों में लापरवाही सामने आई है. मंगलवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 235 दर्ज किया गया. लोनी और वेव सिटी समेत कुछ इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में रही.

शहर की कई प्रमुख सड़कों पर धूल उड़ती रही. मेरठ रोड पर दुहाई और गुलधर नमो भारत स्टेशन के बीच सड़क की खराब स्थिति से भी परेशानी बढ़ी. भोपुरा चौराहे से पसौंडा के बीच और मेन वजीराबाद रोड पर धूल की शिकायतें सामने आईं. नंदग्राम और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास कूड़ा-कबाड़ जलाने पर भी प्रभावी रोक नहीं दिखी.

निर्माण स्थलों पर कैमरे, सेंसर और वाहनों के टायर धोने जैसी अनिवार्य व्यवस्थाएं भी कई जगह नहीं मिलीं. सिद्धार्थ विहार, राजनगर एक्सटेंशन, मेरठ रोड और वेव सिटी की साइटों से धूल उड़ने की बात सामने आई है.

यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी के अनुसार, नगर निगम, जीडीए और पीडब्ल्यूडी की साइटों पर मिले उल्लंघनों की सूचना जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी गई है.