गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित नोवा प्लास्ट कंपनी में रविवार को आग लग गई. कंपनी में प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और अन्य प्लास्टिक सामग्री रखी थी. ज्वलनशील सामग्री की अधिकता के कारण आग कुछ ही देर में फैल गई और मौके पर काले धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा.

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं. आग की तीव्रता को देखते हुए एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया. दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं.

आसपास की इकाइयों तक आग फैलने से रोकने की कोशिश

दमकल विभाग की टीमें आग को आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाले हुए हैं. कंपनी में प्लास्टिक का कच्चा माल और दूसरी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बुझाने में चुनौती आ रही है.

फिलहाल राहत और बचाव का काम जारी है और दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे हैं. आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. अधिकारियों के अनुसार, आग बुझने के बाद ही कंपनी में हुए नुकसान का आकलन किया जा सकेगा. उपलब्ध जानकारी में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की गई है.