गाजियाबाद में दिवाली की रात प्रदूषण का शहर-स्तरीय आकलन निगरानी आंकड़ों की कमी से प्रभावित हुआ. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, शहर के आठ मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत PM2.5 स्तर रात 11 बजे से आधी रात के बीच 559 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंचा. इसके बाद अगले घंटे में औसत 539.4 रहा और सुबह 11 बजे से दोपहर के बीच यह घटकर 119.6 पर आ गया.
अलग-अलग स्टेशनों पर भी काफी ऊंचे स्तर दर्ज किए गए. वेव सिटी में PM2.5 757.8, न्यू तहसील-लोनी में 706.3 और वेद विहार-लोनी में 705.6 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज हुआ.
हालांकि, 8 नवंबर की आधी रात से 9 नवंबर सुबह 11 बजे तक गाजियाबाद में 288 संभावित घंटेवार रीडिंग में से 15 उपलब्ध नहीं थीं. इनमें संजय नगर की 10, लोनी की चार और वसुंधरा की एक रीडिंग शामिल है.
हर मिसिंग रीडिंग का अर्थ यह नहीं है कि स्टेशन जानबूझकर बंद था या प्रदूषण अधिक था. लेकिन जब किसी घंटे में कुछ स्टेशनों का डेटा नहीं मिलता, तो शहर का औसत केवल रिपोर्ट करने वाले इलाकों पर आधारित होता है और पूरे शहर में प्रदूषण की वास्तविक स्थिति कम या अधिक दिख सकती है.
