गाजियाबाद जिले में 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को सभी स्कूल और इंटर कॉलेज बंद रहेंगे. जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) के निर्देश के अनुसार, उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की लिखित परीक्षा के कारण एक दिन का शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है.

यह आदेश कक्षा 1 से 12वीं तक के उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों और इंटर कॉलेजों पर लागू होगा. इसके दायरे में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त स्कूलों के साथ-साथ UP Board, CBSE और ICSE से संबद्ध संस्थान शामिल हैं. बेसिक शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त स्कूलों को भी निर्देश का पालन करना होगा.

परीक्षा के कारण लिया गया फैसला

PET-2026 की लिखित परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को दो-दो पालियों में आयोजित की जा रही है. परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की आवाजाही और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देखते हुए संबंधित जिलों में 30 अक्टूबर को शैक्षणिक गतिविधियां रोकने का निर्णय लिया गया है.

गाजियाबाद के स्कूल प्रधानाचार्यों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. उपलब्ध आदेश में 30 अक्टूबर के बाद अतिरिक्त अवकाश या शैक्षणिक कैलेंडर में किसी अन्य बदलाव का उल्लेख नहीं है.