गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-4 स्थित लाजवंती प्लाजा में संचालित तीन स्पा सेंटरों पर कौशांबी थाना पुलिस ने छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 20 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जबकि सेंटरों के संचालन और प्रबंधन से जुड़े 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

यह कार्रवाई प्योर थेरेपी स्पा सेंटर, ऑल स्पा सेंटर और माउंटेन स्पा सेंटर में की गई. पुलिस को सोमवार को सूचना मिली थी कि इन सेंटरों में महिलाओं को नौकरी और अधिक पैसे कमाने का लालच देकर कथित तौर पर अनैतिक देह व्यापार में शामिल कराया जा रहा है.

पुलिस ने क्या बताया

सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों सेंटरों पर तलाशी और रेस्क्यू अभियान चलाया. पुलिस का दावा है कि मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई. गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ के जरिए कथित गतिविधियों के संचालन और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिलाओं को स्पा सेंटर में रोजगार दिलाने की बात कहकर बुलाया जाता था. पुलिस का आरोप है कि बाद में उनसे कथित अनैतिक गतिविधियां कराई जाती थीं और ग्राहकों से रकम वसूली जाती थी. हालांकि, रेस्क्यू की गई महिलाओं की परिस्थितियों और मामले में उनकी भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच अभी जारी है.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं 3, 4, 5 और 6 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होनी है.