ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी में सोमवार शाम पैसेंजर लिफ्ट अचानक बीच फ्लोर पर रुक गई. लिफ्ट में छोटे बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों समेत कुल 13 लोग सवार थे. सभी लोग ऊपरी फ्लोर से नीचे आ रहे थे.
जानकारी के मुताबिक, टावर M की लिफ्ट झटके के साथ रुकने के बाद अंदर मौजूद लोगों ने मदद के लिए इंटरकॉम और इमरजेंसी अलार्म का इस्तेमाल किया. लोगों ने गेट भी बजाया. इस दौरान लिफ्ट के अंदर गर्मी बढ़ने लगी और यात्रियों में घबराहट का माहौल बन गया.
बाहर मौजूद लोगों को घटना का पता तब चला, जब उन्होंने लिफ्ट के अंदर से बच्चों के रोने की आवाज सुनी. इसके बाद सोसायटी के लोगों ने सुरक्षा गार्ड और मेंटिनेंस टीम को सूचना दी. करीब 20 मिनट बाद लिफ्ट को फर्स्ट फ्लोर पर लाया गया और उसका गेट खोला गया. इसके बाद सभी 13 लोगों को एक-एक करके सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
रखरखाव को लेकर निवासियों ने उठाए सवाल
लिफ्ट से बाहर आने के बाद बच्चों और बुजुर्गों समेत सभी लोग सुरक्षित थे, हालांकि लंबे समय तक बंद रहने के कारण वे परेशान और डरे हुए थे.
सोसायटी निवासी दिनकर पांडेय ने लिफ्ट के रखरखाव पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यहां लिफ्ट अटकने की घटनाएं बार-बार होती हैं. निवासियों ने लिफ्ट की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है.
लोगों का कहना है कि खराबी की स्थिति में लिफ्ट के अंदर फंसे यात्रियों तक तत्काल मदद पहुंचाने की व्यवस्था होनी चाहिए. इस घटना में सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन इससे सोसायटी में लिफ्ट की सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.
