ग्रेटर नोएडा वेस्ट की प्रिस्टीन एवेन्यू सोसायटी में 18 वर्षीय बीबीए छात्र आदित्य अरोड़ा की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे वह अपने घर से निकला और सोसायटी के दूसरे टावर की 19वीं मंजिल की लॉबी से नीचे गिर गया. घटना सेंट्रल नोएडा के सिटी-2 क्षेत्र में हुई.
आदित्य अपने परिवार के साथ सोसायटी के टावर-ए में रहता था. घटना के समय वह टावर-बी में पहुंचा था. सूचना मिलने के बाद बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पढ़ाई और करियर को लेकर जानकारी
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आदित्य गाजियाबाद के एक निजी कॉलेज से बीबीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था. उसकी रुचि एक्टिंग में थी और वह इस क्षेत्र में आगे की पढ़ाई करना चाहता था. बताया गया है कि परिवार की अपेक्षाओं के चलते उसने बीबीए में दाखिला लिया था.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आदित्य किसी बात को लेकर नाराज था. हालांकि, उसकी नाराजगी की वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस ने यह पुष्टि नहीं की है कि उसकी मौत का संबंध पढ़ाई, करियर या परिवार की अपेक्षाओं से था.
बिसरख कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. परिजनों की ओर से फिलहाल कोई शिकायत भी नहीं दी गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आदित्य घर से निकलकर दूसरे टावर में क्यों गया और घटना से पहले की परिस्थितियां क्या थीं.
पुलिस ने कहा है कि मौत के कारणों की जांच जारी है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है.
