उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के एक गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के पांच सदस्य घर में मृत मिले. मृतकों में 37 वर्षीय महेश, उनकी 35 वर्षीय पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चे शामिल हैं. बच्चों की उम्र 3 से 11 वर्ष के बीच बताई गई है.
मृत बच्चों की पहचान लड्डू (11), मिस्टी (7) और साक्षत (3) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार परिवार ने पिछली रात नूडल्स खाए थे. महेश की मां और पड़ोस में रहने वाले लोगों से मिली शुरुआती जानकारी के आधार पर पुलिस ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है.
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत की अंतिम वजह अभी तय नहीं हुई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
मौतों की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची. फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं.
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. अधिकारियों के मुताबिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल फूड पॉइजनिंग को केवल प्रारंभिक आशंका माना जा रहा है.
