ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में पुलिस और कथित बकरा चोर गैंग के बीच मुठभेड़ में गैंग का सरगना कमलू उर्फ कमल उर्फ कल्लू घायल हो गया. पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
पुलिस के अनुसार, प्यावली नहर के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया था. आरोप है कि दोनों ने मोटरसाइकिल दौड़ा दी और पीछा किए जाने पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई के दौरान उनकी मोटरसाइकिल गिर गई. इसी दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
पुलिस ने घायल आरोपी के पास से बकरा चोरी कर बेचने से मिले पैसे, तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी संभल जिले का रहने वाला है और उसके खिलाफ अलग-अलग जिलों में चोरी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं.
रेकी के बाद चोरी का आरोप
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी संतोष कुमार शुक्ला के अनुसार, गिरोह पहले रेकी करता था और फिर बकरों को चोरी कर अलग-अलग क्षेत्रों में बेचता था. बिक्री से मिली रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांटते थे. पुलिस फरार आरोपी की तलाश और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
