ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव में सोमवार शाम गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद लगी आग में पिता-पुत्र की मौत हो गई. हादसे में एक महिला और दो साल का बच्चा भी झुलस गए. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब 6:30 बजे वीरपाल के घर में हुई. घर में रखे गैस सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव हुआ और इसके बाद आग लग गई. आग की चपेट में आने से घर में मौजूद चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए. धमाके के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

मृतकों की पहचान 56 वर्षीय वीरपाल और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक के रूप में हुई है. अभिषेक की पत्नी काजल और उनके दो साल के बेटे आदित्य के चेहरे झुलसने की जानकारी पुलिस ने दी है. डॉक्टरों ने अस्पताल में वीरपाल और अभिषेक को मृत घोषित कर दिया.

बताया गया है कि परिवार में 2 दिसंबर को बेटी की शादी होनी थी. शादी की खरीदारी के लिए वीरपाल की पत्नी और बेटी घर से बाहर गई थीं. हादसे के समय घर में वीरपाल, अभिषेक, काजल और आदित्य मौजूद थे.

सूचना मिलने पर जेवर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. घटना के बाद दयानतपुर गांव में शोक का माहौल है.