ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा में कई खाताधारकों के खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से करोड़ों रुपये गायब होने की शिकायत सामने आई है. खाताधारकों का दावा है कि कुल 30 से 35 करोड़ रुपये की रकम प्रभावित हुई है. कुछ खातों में बैलेंस शून्य दिख रहा है, जबकि कुछ बचत खातों में जमा रकम का बड़ा हिस्सा नहीं दिखाई दे रहा.
मामले में 18 लोगों की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की है. शिकायत सामने आने के बाद बैंक मैनेजर समेत पांच कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है और शाखा में नया स्टाफ तैनात किया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, लापरवाही और कथित वित्तीय गड़बड़ी की जांच की जा रही है. एंटी करप्शन टीम भी मामले की जांच में शामिल है. बैंक की ओर से इस मामले पर आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है.
25 लाख रुपये दूसरे खाते में भेजने का आरोप
मामला तब सामने आया, जब ऐच्छर गांव के ट्रांसपोर्टर विनीत भाटी बैंक की सेक्टर-पाई-1 शाखा पहुंचे. उनके अनुसार, उन्होंने म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया था. उनका आरोप है कि ब्रांच मैनेजर के कहने पर चेक और संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के बाद 25 लाख रुपये उनके बचत खाते में भेजने के बजाय ऐसे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए, जो उनके नाम से बताया गया, लेकिन उनका नहीं था.
विनीत ने बीटा-2 कोतवाली में शिकायत देकर जांच और रकम वापस दिलाने की मांग की. बैंक में मौजूद अन्य खाताधारकों के विरोध के बाद कई और खातों से रकम गायब होने की शिकायतें सामने आईं.
मुआवजा और FD की रकम गायब होने का दावा
खाताधारकों में कुछ ऐसे लोग भी हैं, जिनके खातों में नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के बदले मुआवजा आया था. बृजेश ने दावा किया कि उनकी मां के खाते में करीब 1.29 करोड़ रुपये आए थे, जिनमें से 15 लाख रुपये निकालने के बाद एक करोड़ रुपये से अधिक रकम गायब है. संतोष ने करीब 1.18 करोड़ रुपये नहीं दिखने की शिकायत की है.
धर्मवीर ने बताया कि उनके खाते में 17.5 लाख रुपये और 2.25 लाख रुपये की FD थी, लेकिन बैंक पहुंचने पर खाते में रकम नहीं दिखी. अन्य खाताधारकों ने भी FD से लाखों रुपये की कथित हेराफेरी की शिकायत की है. इनमें 1.16 करोड़ रुपये की FD, 88 लाख रुपये के खाते और 25 लाख रुपये की FD जैसी रकम शामिल बताई गई है.
बैंक अधिकारियों ने खाताधारकों को गुरुवार तक रकम खातों में वापस आने का भरोसा दिया है. हालांकि, रकम किस तरीके से गायब हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.
