ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में खाताधारकों की करोड़ों रुपये की रकम कथित तौर पर गायब होने का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई. मामले में बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित किया है.

नोएडा पुलिस के अनुसार, अब तक 16 लोगों ने शिकायत दी है. शिकायतों के आधार पर यह जांच की जा रही है कि खातों से रकम कैसे निकाली या ट्रांसफर की गई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही. बैंक की एंटी करप्शन टीम भी जांच में शामिल है.

खाताधारकों ने क्या आरोप लगाए

बिरोंडी गांव निवासी गौतम ने बताया कि उनके पिता के खाते में करीब 94 लाख रुपये थे. परिवार को 50 हजार रुपये की जरूरत थी और पैसे निकालने के लिए बैंक पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि खाते में पर्याप्त रकम नहीं है. जानकारी लेने पर खाते में केवल 16 हजार रुपये बचे होने की बात सामने आई. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की.

एक अन्य खाताधारक के मुताबिक, उनकी मां के खाते में जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के तौर पर करीब 1.29 करोड़ रुपये आए थे. परिवार ने इसमें से लगभग 10 से 12 लाख रुपये निकाले थे. उनका दावा है कि खाते में करीब 1.18 करोड़ रुपये होने चाहिए थे, लेकिन अब कोई रकम नहीं बची है.

बैंक अधिकारियों ने कुछ खाताधारकों को 10 से 15 दिन में रकम लौटाने का आश्वासन दिया है. शाखा में नया स्टाफ तैनात किया गया है. हालांकि, बैंक ने अब तक प्रभावित कुल रकम और कथित ट्रांसफर किए गए खातों की विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. पुलिस ने जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए एसीपी ग्रेटर नोएडा को निर्देश दिए हैं.