केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने ग्रेटर नोएडा की पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा में ग्राहकों के खातों से कथित अनधिकृत निकासी के मामले में FIR दर्ज की है. मामले में शाखा की ऑफिस असिस्टेंट दीपांशी, खाताधारक अशुतोष पाठक और कुछ अज्ञात सार्वजनिक व निजी व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है.
CBI की गाजियाबाद स्थित एंटी-करप्शन ब्रांच ने यह कार्रवाई PNB के नोएडा सर्किल के चीफ मैनेजर की 23 अक्टूबर की शिकायत के बाद की. बैंक के अनुसार, सेक्टर पाई शाखा में विभिन्न ग्राहकों के खातों से करीब 10.24 करोड़ रुपये के अनधिकृत डेबिट की प्रारंभिक पहचान हुई है. रकम की अंतिम पुष्टि के लिए मिलान प्रक्रिया जारी है.
शिकायत के मुताबिक, मामला तब सामने आया जब एक खाताधारक ने 16 सितंबर को अपने खाते में तीन संदिग्ध डेबिट देखे. प्रारंभिक जांच में CBS यूजर आईडी के कथित दुरुपयोग, खातों के विवरण में बदलाव, फिक्स्ड डिपॉजिट को समय से पहले बंद करने और रकम को दूसरे खातों में भेजने की बात सामने आई है.
CBI ने आपराधिक साजिश, विश्वासघात, धोखाधड़ी, खातों में हेरफेर और भ्रष्टाचार निरोधक कानून सहित IT Act की धाराओं में मामला दर्ज किया है. PNB ने कहा है कि वह वास्तविक दावों का भुगतान करेगा; अब तक 43 लाख रुपये के तीन दावे निपटाए जा चुके हैं. मामले की जांच जारी है.
