ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन युवाओं के लिए विशेष पवेलियन लगाएगा. इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के हॉल नंबर-7 के ग्राउंड फ्लोर पर बने इस पवेलियन में 16 कौशलों के लाइव डेमो दिखाए जाएंगे.
360 वर्ग मीटर क्षेत्र में तैयार किए जा रहे पवेलियन में पारंपरिक कारीगरी के साथ आधुनिक और उभरते कौशलों का प्रदर्शन होगा. आगंतुकों को कई गतिविधियों में खुद भाग लेकर कौशल सीखने का अवसर भी मिलेगा.
इस वर्ष पहली बार ‘स्किल मंच’ की शुरुआत की जा रही है. यहां शिक्षाविद, कौशल विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि और सॉफ्ट स्किल विशेषज्ञ युवाओं को करियर, रोजगार और बदलती औद्योगिक जरूरतों से जुड़ी जानकारी देंगे.
पवेलियन में कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित युवा उद्यमी अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे. उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच बी2बी संवाद की व्यवस्था भी होगी.
ट्रेड शो के दौरान राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ पोर्टल का शुभारंभ करेंगे. इसके जरिए युवाओं, स्टार्टअप और इनोवेटर्स को नए समाधान पेश करने का अवसर देने की योजना है.
