ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के दौरान 28 से अधिक स्कूलों के 300 से ज्यादा विद्यार्थियों ने कला एवं संस्कृति प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने प्रस्तुति कला, दृश्य कला और ‘हाथों की विरासत’ नामक कला एवं शिल्प विधाओं में भागीदारी की.
प्रतियोगिता का आयोजन जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल के सहयोग से किया. प्रस्तुति कला में विद्यार्थियों ने नृत्य और समूहगान के जरिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि दृश्य कला वर्ग में प्रतिभागियों ने चित्रों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता दिखाई. हस्तशिल्प वर्ग में पारंपरिक कला को आकार देने पर जोर रहा.
प्रस्तुति कला के कक्षा 6-8 वर्ग में एस्टर पब्लिक स्कूल की तोशिता प्रथम रहीं. कक्षा 9-12 वर्ग में बेथनी कॉन्वेंट स्कूल की युविका और चार्वी ने पहला स्थान हासिल किया. दृश्य कला में स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल की वर्णिका त्यागी और अंशिका शर्मा अपने-अपने वर्ग में विजेता रहीं. ‘हाथों की विरासत’ में कक्षा 6-8 वर्ग से स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल की सानवी सिंह और कक्षा 9-12 वर्ग से जेपी पब्लिक स्कूल के नवदीप तोमर व अनिका प्रथम रहे.
निर्णायकों ने विद्यार्थियों की मौलिकता, रचनात्मकता, प्रस्तुति और सांस्कृतिक विरासत की समझ की सराहना की.
