उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक शादी अपनी अनोखी बारात और विदाई के कारण चर्चा में है. मेरठ निवासी हीरा राणा हेलीकॉप्टर से बारात लेकर धौलाना थाना क्षेत्र के देहरा गांव पहुंचे. हेलीकॉप्टर से दूल्हे के पहुंचने की खबर मिलते ही ग्रामीणों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
इस शादी की खास वजह दूल्हे की दादी की करीब 18 साल पुरानी इच्छा थी. वह चाहती थीं कि जब उनका पोता दूल्हा बने तो अपनी बारात हेलीकॉप्टर से लेकर जाए. समय बीतने के बावजूद हीरा राणा ने दादी की यह बात याद रखी. शादी का मौका आने पर उन्होंने इस इच्छा को पूरा करने का फैसला किया.
दुल्हन की विदाई भी हेलीकॉप्टर से
हीरा राणा केवल हेलीकॉप्टर से बारात लेकर ही देहरा नहीं पहुंचे, बल्कि शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन को भी इसी माध्यम से विदा कराकर ले गए. इस तरह बारात और विदाई, दोनों इस शादी का यादगार हिस्सा बन गए.
आमतौर पर गांवों में बारात बैंड-बाजे और वाहनों के काफिले के साथ पहुंचती है, लेकिन देहरा गांव में हेलीकॉप्टर से हुई दूल्हे की एंट्री लोगों के लिए अलग अनुभव रही. ग्रामीणों के बीच शादी के दौरान हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल और दादी की पुरानी इच्छा पूरी किए जाने की चर्चा रही.
