उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे (एनएच-9) पर हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई. हादसा बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में शाहपुर जट्ट गांव के पास हुआ. मृतकों में गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी सगे भाई गोविंद और रवि के अलावा बृजेश शामिल हैं.
पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक बाइक से गढ़मुक्तेश्वर जा रहे थे. उन्हें वहां अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होना था. शाहपुर जट्ट गांव के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन से टकरा गई. टक्कर के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलने पर बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया. पुलिस के अनुसार, एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे के बाद हाईवे पर भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
मृतकों की पहचान गोविंद (35), रवि (37) और बृजेश (45) के रूप में की गई है. गोविंद और रवि सगे भाई थे, जबकि बृजेश उनके गांव का रहने वाला था. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गोविंद बर्फ की दुकान, रवि मोबाइल की दुकान पर काम करता था और बृजेश मजदूरी करता था.
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बाइक और पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है. बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है.
