भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से राजनीतिक अभियान शुरू करने की योजना बना रहे हैं. इसके लिए हापुड़ के नूरपुर गांव को चुना गया है, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का पैतृक गांव माना जाता है.

चौधरी चरण सिंह की जयंती 23 दिसंबर को नूरपुर में एक बड़ी संयुक्त रैली प्रस्तावित है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है. रैली में RLD प्रमुख जयंत चौधरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और BJP-RLD के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है. हालांकि, कार्यक्रम और नेताओं की मौजूदगी को लेकर अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

नूरपुर का चयन राजनीतिक और प्रतीकात्मक, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. जयंत चौधरी, चौधरी चरण सिंह के पोते हैं और RLD अपने संस्थापक नेता की विरासत से जुड़ी पहचान बनाए रखना चाहती है. BJP के साथ गठबंधन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान, जाट और गुर्जर मतदाताओं के बीच अपना आधार मजबूत करने का प्रयास कर रहा है.