उत्तराखंड के हरिद्वार में 11 महीने की बच्ची के साथ कथित यौन हिंसा का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ Protection of Children from Sexual Offences (POCSO) Act और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया है.

पुलिस के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का है और हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम करता है. आरोपी बिहार के भागलपुर का रहने वाला बताया गया है. वह हाल ही में उसी फैक्ट्री में काम करने आया था और परिवार के पास ही किराये के कमरे में रहता था.

परिवार के मुताबिक, रविवार रात बच्ची रो रही थी और उसकी मां खाना बना रही थी. इसी दौरान आरोपी बच्ची को शांत कराने की बात कहकर उसे अपने कमरे में ले गया. बच्ची के तेज रोने की आवाज सुनकर मां वहां पहुंचीं. पुलिस के अनुसार, मां को बच्ची बेहद परेशान हालत में मिली और आरोपी मौके से भाग गया.

सूचना मिलने पर पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया और आगे के इलाज के लिए AIIMS ऋषिकेश रेफर किया. आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.