पटना से अहमदाबाद जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट बुधवार शाम खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई. विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था. बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा. इसके बाद पायलट ने विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान ने पटना एयरपोर्ट से दोपहर 3:10 बजे उड़ान भरी थी. इसे शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था, लेकिन बिजली की चपेट में आने के बाद यह शाम 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतर गया. विमान को शाम 5:05 बजे लखनऊ से अहमदाबाद के लिए रवाना होना था, लेकिन तकनीकी दिक्कत के कारण इसे वहीं रोक दिया गया.
विमान में 150 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित बताए गए हैं. यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई. रिपोर्ट के मुताबिक, सभी यात्री शाम 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हुए. क्षतिग्रस्त विमान की तकनीकी जांच के लिए इंजीनियरों की टीम लगाई गई है. जांच पूरी होने और विमान के सुरक्षित पाए जाने तक उसे आगे उड़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
विमान पर बिजली गिरने के बाद क्या होता है
आमतौर पर आकाशीय बिजली विमान के नोज या विंगटिप जैसे आगे के हिस्से से टकराकर बाहरी सतह से होते हुए टेल की ओर निकल जाती है. विमान की बाहरी संरचना करंट को यात्रियों से दूर रखने के लिए बनाई जाती है. इसलिए ऐसी स्थिति में यात्रियों को आम तौर पर बिजली का झटका नहीं लगता, हालांकि तेज चमक और जोरदार आवाज सुनाई दे सकती है.
बिजली गिरने के बाद विमान की अनिवार्य तकनीकी जांच की जाती है. कई मामलों में बाहरी सतह पर छोटे निशान या छेद मिल सकते हैं. नुकसान मिलने पर विमान को दोबारा सेवा में लेने से पहले आवश्यक मरम्मत और जांच पूरी की जाती है.
