उत्तर प्रदेश के झांसी में 19 वर्षीय युवती चंचल की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर की है. परिवार का आरोप है कि कमल रायक्वार नामक युवक ने पीछे की दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और चंचल की कनपटी पर गोली मार दी.

पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय चंचल घर में अकेली थी और बाहर से ताला लगा हुआ था. गोली चलने के बाद आरोपी वहां से निकल गया. रास्ते में उसकी मुलाकात चंचल के चाचा मोनू रायक्वार से हुई. चाचा के अनुसार, आरोपी ने उन्हें बताया कि वह उनकी भतीजी को गोली मारकर आया है और घर जाकर देखने को कहा. शुरुआत में उन्हें यह बात मजाक लगी, लेकिन घर पहुंचने पर चंचल खून से लथपथ मिली. इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी.

दिसंबर में तय थी शादी

परिजनों के अनुसार, चंचल अपनी दादी के साथ रह रही थी. कमल कथित तौर पर उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था. परिवार का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना. परिजनों ने यह भी बताया कि लगातार परेशानी के कारण चंचल की पढ़ाई छुड़वा दी गई थी. बाद में उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी गई थी.

परिवार के मुताबिक, शादी दिसंबर में होनी थी और नवरात्रि के दौरान 12 तारीख को तिलक की तैयारी चल रही थी. शादी की तैयारियों के तहत परिवार ने मोटरसाइकिल भी खरीदी थी. चंचल के पिता सोनू ने आरोपी पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है.

वायरल वीडियो के दावों की जांच जारी

घटना से कुछ घंटे पहले कमल का एक वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में उसने चंचल के साथ करीब चार साल से संबंध होने और उसकी शादी दूसरी जगह तय किए जाने का दावा किया. उसने कथित धमकियों का भी जिक्र किया और कहा कि वह कोई गलत कदम उठाने जा रहा है. हालांकि, वीडियो में किए गए इन दावों की पुलिस ने स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है.

एसएसपी विकास कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में आरोपी के पीछे की ओर से घर में दाखिल होने की बात सामने आई है. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.